
अस्पतालों में दवाओं और संसाधनों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश।

डीएम मनीष कुमार ने ILI-SARI मामलों की निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश, RRT को किया गया सक्रिय

चम्पावत। देश के कुछ राज्यों में सीजनल इन्फ्लुएंजा एवं श्वसन संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए चम्पावत में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और इन्फ्लुएंजा व निमोनिया के मामलों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने चिकित्सालयों में इन्फ्लुएंजा और निमोनिया के मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध रखने के साथ आवश्यक दवाओं, पीपीई किट, एन-95 मास्क और जांच सामग्री का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए समयबद्ध निगरानी और त्वरित उपचार बेहद जरूरी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सालयों और सामुदायिक स्तर पर इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (ILI) और सीवियर अक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (SARI) के लक्षण वाले मरीजों की निगरानी की जा रही है। ऐसे मरीजों का आवश्यक विवरण आईडीएसपी के तहत IHIP पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
SARI के लक्षण वाले मरीजों के नाक और गले के स्वैब नमूने जांच के लिए संबंधित जांच केंद्रों में भेजे जाएंगे। किसी क्षेत्र में ILI या SARI के मामलों की क्लस्टरिंग मिलने पर तत्काल जांच और नियंत्रण की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) को भी सक्रिय रखा है। टीम के माध्यम से किसी भी असामान्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बच्चों-बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने आमजन से बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छींकते और खांसते समय नाक-मुंह को रूमाल या टिश्यू से ढकें, नियमित रूप से साबुन-पानी से हाथ साफ करें और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचें।
बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवा का सेवन करने की अपील की गई है।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी उपायों का पालन करने की अपील की है।


