उत्तरकाशी, 12 नवंबर 2026। जनपद में शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने और सर्दियों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के उद्देश्य से दिसंबर 2026 में प्रस्तावित ‘विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव’ की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के पर्यटन एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रस्तावित कॉनक्लेव के अंतर्गत ट्रेकिंग, ‘विलेज टू विलेज’ कार्यक्रम, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेज़िंग, साइक्लोथॉन, हॉट एयर बैलून और पैरामोटर सहित विभिन्न रोमांचक एवं पर्यटन आधारित गतिविधियां आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इन गतिविधियों के माध्यम से शीतकाल में भी उत्तरकाशी को पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाने की योजना है।

जिलाधिकारी ने जनपद के ऐसे पर्यटन स्थलों और गांवों पर विशेष जोर दिया, जहां वर्तमान में पर्यटकों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने कहा कि इन संभावनाशील क्षेत्रों में पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहित कर पर्यटकों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में होम स्टे और ट्रैकिंग ट्रैक्शन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करने के प्रयास भी किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने ‘विलेज टू विलेज’ कार्यक्रम के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उपयुक्त एवं संभावनाशील गांवों का चयन करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित ऐसे गांवों और स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराएं, जो प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, लेकिन अभी तक व्यापक पहचान नहीं बना पाए हैं। इन स्थलों को प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

गांवों एवं संभावित पर्यटन स्थलों से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए एक गूगल शीट तैयार की गई है। पर्यटन विभाग इसे सभी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा करेगा, ताकि वे अपने क्षेत्रों के उपयुक्त स्थलों का विवरण उपलब्ध करा सकें।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव का मुख्य उद्देश्य जनपद के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाना, शीतकालीन पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करना और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर विकसित करना है।




