देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखण्ड में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आपत्ति दर्ज करने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
ड्राफ्ट सूची में 72.78 लाख से अधिक मतदाता
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 72,78,035 मतदाता शामिल हैं। इनमें 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में इनकी कुल संख्या 12,498 हो गई है।
विशेष अभियान में 1.25 लाख से अधिक नाम शामिल
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,25,216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए। वहीं, फार्म-7 प्राप्त होने पर 6,130 मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
ऑनलाइन और बीएलओ के माध्यम से देख सकेंगे सूची
ड्राफ्ट मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से भी सूची उपलब्ध है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की सॉफ्ट कॉपी दी गई है तथा जनपद स्तर पर हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भरें फार्म-6
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, अथवा किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन या ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।
4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन
प्रदेश में इससे पहले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। उस सूची में कुल 71,58,949 मतदाता थे, जिनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इनकी सुनवाई 28 दिसंबर 2026 तक की जाएगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।


