
देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। इस घोषणा से प्रदेश की साढ़े छह लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी।

सरकार के इस निर्णय से खासतौर पर पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में यात्रा के लिए किराया नहीं देना होगा।
देहरादून में चलेंगी 10 पिंक ई-बसें
महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत देहरादून में 10 पिंक ई-बसें महिलाओं को समर्पित करने की घोषणा की गई है। सरकार की योजना भविष्य में इस सेवा का प्रदेश के अन्य शहरों तक भी विस्तार करने की है।
लखपति दीदियों को उद्यमी बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री की ओर से महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है। सरकार के अनुसार, लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी तीन लाख से अधिक महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक हो चुकी है।
अब इन महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने की तैयारी है। महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा दो लाख रुपये से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये करने की घोषणा की गई है। इससे महिलाएं नया कारोबार शुरू करने के साथ अपने मौजूदा स्वरोजगार को भी विस्तार दे सकेंगी।
इसके अलावा एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से अकेले परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही महिलाओं को भी स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का फोकस है।
सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण
महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया है। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से सरकारी सेवाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है।
प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बनेंगे हाईटेक शौचालय
महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक हाईटेक शौचालय बनाए जाने की भी घोषणा की गई है। सरकार का कहना है कि इन सुविधाओं से सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
‘मातृशक्ति को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने हमेशा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार हर उम्र की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा और पिंक ई-बस सेवा जैसी पहल से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में अधिक सुविधा और सुरक्षा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना भी है।

