
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें रामनगर की सीवरेज व्यवस्था के विस्तार से लेकर राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, मंदिर सौंदर्यीकरण और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के कार्य शामिल हैं।
रामनगर में सीवरेज व्यवस्था को मिलेगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के रामनगर शहर में सीवरेज योजना के जोन-1 के अंतर्गत वर्तमान 7 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र के ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण कार्य के लिए ₹42.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

राजस्व अभिलेखागार होंगे आधुनिक
प्रदेश के राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालय और जिला कार्यालयों सहित विभिन्न राजस्व कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए ₹10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
देवराड़ी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण को मंजूरी
चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं प्रांगण विस्तार के लिए ₹98.28 लाख की धनराशि स्वीकृत है। इसके सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹58.968 लाख जारी करने की मंजूरी दी गई है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो चुका है।
सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए ₹39 लाख
देहरादून में राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत ₹142.89 लाख के सापेक्ष अवशेष ₹39 लाख की वित्तीय स्वीकृति मुख्यमंत्री ने प्रदान की है। इससे संबंधित शासनादेश भी जारी किया गया है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर होगा राज्य मार्ग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड में स्थित स्वर्गीय जगमोहन सिंह नेगी (लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट) राज्य मार्ग मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।

