नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की फाइल फोटो।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र देकर उन्हें जनसेवा की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। चयनित अभ्यर्थियों में 13 महिलाएं भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके निर्णयों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। उन्होंने अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन तथा राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की अपेक्षा की।
धामी ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उसे आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। दूरस्थ पर्वतीय गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री ने आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों से दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से दूर रहकर नियम और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने को कहा।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु तथा राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


