

युवाओं और महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मंच, उत्कृष्ट उद्यमियों का सम्मान; 27 अगस्त तक गांव-गांव पहुंचेगी प्रचार वैन।

चम्पावत। जिले के युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) ने शुक्रवार को बड़ा कदम बढ़ाया। मुख्य सेवा सदन देहरादून से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योजना का शुभारंभ किया, जिसका विकास भवन सभागार चम्पावत में वर्चुअल प्रसारण किया गया।
इस दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय की उपस्थिति और मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती की अध्यक्षता में MUY चौपाल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य गांव-गांव तक उद्यमिता की जानकारी पहुंचाकर युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
उत्कृष्ट उद्यमियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में चम्पावत की महिला उद्यमिता की मिसाल बनीं हेमा उपाध्याय, लक्ष्मी जोशी और कंचन देवी सहित राज्य की अन्य महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
वहीं जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लक्षिता जोशी, अपर्णा पनेरू, देवेन्द्र कुमार, निखिल अधिकारी, कलावती देवी, बबीता चौधरी, माया बिष्ट, शोभा तड़ागी और गीता देवी को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
आठ उद्यमियों को मिली सब्सिडी
कार्यक्रम में आठ उद्यमियों को सब्सिडी राशि के चेक भी वितरित किए गए। ओमप्रकाश जोशी, कुंवर सिंह, हरीश राय, राजेश सार्की, विक्रम सिंह भंडारी और भुवन चंद को 90-90 हजार रुपये तथा शिवदत्त पाटनी और तुलाराम को 30-30 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई।
27 अगस्त तक गांव-गांव पहुंचेगी IEC वैन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण आधुनिक एलईडी डिस्प्ले, ऑडियो-वीडियो प्रचार तंत्र और सूचना सामग्री से सुसज्जित MUY IEC वैन रही। दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया।
यह वैन 21 से 27 अगस्त तक चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट विकासखंडों के दूरस्थ गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचेगी। वैन के जरिए युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार योजनाओं, उद्यम स्थापना, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव और उद्यमी पंजीकरण की जानकारी दी जाएगी।
एक ही छत के नीचे मिली उद्यमिता की जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों और युवाओं के लिए पंजीकरण डेस्क, उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी, रेखीय विभागों के मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता डेस्क लगाए गए। इससे इच्छुक लोगों को उद्यम शुरू करने से जुड़ी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध हुआ।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, दायित्वधारी मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना और रोहित बिष्ट, कैलाश अधिकारी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मौजूद रहे।


