

रवि शंकर शर्मा

5 सितंबर को हम हर वर्ष शिक्षक दिवस मनाते हैं। इस दिन हम अपने शिक्षकों की सेवाओं को नमन करते हैं और सरकार अच्छे शिक्षकों पुरस्कृत भी करती है। शिक्षक दिवस राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है। राधाकृष्णन एक महान शिक्षक के रूप में भी जाने जाते हैं। शिक्षक दिवस केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विभिन्न देशों में अलग-अलग तिथियों पर धूमधाम से मनाया जाता है। आइये जानते हैं अलग-अलग देशों में कब और कैसे मनाया जाता है शिक्षक दिवस ?
ताइवान में 28 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। वहां पर यह दिन शिक्षकों के गुण उनके श्रम तथा शिष्यों के साथ ही समाज के प्रति उनके योगदान के सम्मान स्वरूप मनाया जाता है। वहां पर इस तिथि का चलन कन्फ्यूशियस के जन्मदिन को मनाने के लिए किया गया था। कन्फ्यूशियस प्राचीन चीन के आदर्श शिक्षक माने जाते हैं, इसलिए चीन में भी 28 सितंबर को ही शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
अमेरिका में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस मई के प्रथम सप्ताह में मनाया जाता है। इस दिन शिष्य अपने गुरुओं को उपहार देकर उनके प्रति सम्मान प्रकट करते हैं। वहीं दक्षिण कोरिया में सन 1963 से शिक्षक दिवस मनाने की शुरुआत हुई। वहां पर 15 मई को यह दिवस मनाया जाता है। प्रारंभ में रेड क्रॉस ग्रुप के सदस्यों ने अपने बीमार गुरुओं की अस्पताल में जाकर सेवा करने की शुरुआत की। उसके बाद से ही वहां शिक्षक दिवस मनाने की नींव पड़ी।
तुर्की में 24 नवंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। सन 1981 में राष्ट्रपति केनान एवरेन ने आधुनिक तुर्की के संस्थापक मुस्तफ़ा कमाल अतातुर्क की सौवीं जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए इस दिन की नींव रखी थी। अल्बानिया में 7 मार्च को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह मदर्स डे के ठीक एक दिन पूर्व होता है। इस दिन अल्बानिया के स्कूलों में एक प्रकार का अघोषित अवकाश होता है। स्कूल के बच्चे और शिक्षक दोनों मिलकर इस दिन का आनंद उठाते हैं। चेक गणराज्य व स्लोवाकिया में भी शिक्षक दिवस पर अघोषित अवकाश होता है। यह 28 मार्च को मनाया जाता है, जो कि महान शिक्षक जैन अमोस कोमेंस्की का जन्मदिन है। बच्चे इस दिन अपने शिक्षकों को फूल भेंट करते हैं। श्रेष्ठ शिक्षकों को इस दिन पुरस्कृत भी किया जाता है। लैटिन अमेरिकी देश अर्जेंटीना में 11 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है, जो कि राष्ट्रपति डोमिंगो फ़ोस्टिनो सारमिंटो की पुण्यतिथि है। वह राजनीतिज्ञ के साथ महान शिक्षक भी थे।
पनामा में 1943 में आयोजित ‘ इंटर अमेरिकन कॉन्फ्रेंस आन एजुकेशन ‘ में सभी लेटिन अमेरिकी देशों में शिक्षक दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। लैटिन अमेरिकी देश अपने देश के महान शिक्षकों से जुड़े दिवसों पर शिक्षक दिवस मनाते हैं। जैसे ब्राजील में 15 अक्टूबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। वहां इसे मास्टर डे कहते हैं। इसके अलावा वेनेजुएला में 15 जनवरी को, मेक्सिको में 15 मई को, पेरू में 6 जुलाई को तो कोलंबिया में मई माह में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
पोलैंड में शिक्षक दिवस 14 अक्टूबर को नेशनल एजुकेशन डे के रूप में मनाया जाता है। सन 1773 में इसी दिन पोलैंड में कमीशन ऑफ नेशनल एजुकेशन की स्थापना हुई थी। इस दिन बच्चे अपने गुरुओं को फूल और उपहार प्रदान कर उनका आभार जताते हैं।
वियतनाम में शिक्षक दिवस 20 नवंबर को एजुकेटर्स डे के रूप में मनाया जाता है। थाईलैंड में 21 नवंबर 1956 को एक प्रस्ताव पारित कर शिक्षक दिवस की शुरुआत की गई थी। वहां 16 जनवरी 1957 को पहला शिक्षक दिवस मनाया गया। ईरान में मोर्तेजा मोताहरि के शहादत दिवस दो मई को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इसी प्रकार ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में, इंडोनेशिया में 25 नवंबर को, मलेशिया में 16 मई को, मेक्सिको में 15 मई को, रूस में 5 अक्टूबर को, सिंगापुर में एक सितंबर को, हंगरी में जून के प्रथम सप्ताह तथा ओमान, सीरिया, मिस्र, लीबिया, कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, यमन, ट्यूनीशिया, जॉर्डन, सऊदी अरब, अल्जीरिया व मोरक्को आदि इस्लामिक देशों में 28 फरवरी को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
( लेखक अचीवर्स एकेडमी के निदेशक हैं )

