
मतदा
-डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश—कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे बीएलओ
हल्द्वानी, 10 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर नैनीताल जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के तहत विशेष मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची से हटाई गई प्रविष्टियों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। साथ ही छूटे हुए पात्र मतदाताओं, युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने पर जोर दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में व्यापक स्तर पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
घर-घर जाकर हटाई गई प्रविष्टियों का होगा सत्यापन
अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों की हटाई गई प्रविष्टियों की सूची के आधार पर घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे। इसके साथ ही नए मतदाताओं और युवाओं को पंजीकरण कराने में सहायता दी जाएगी। संबंधित सूची जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष शिविरों में निस्तारित होंगे दावे-आपत्तियां
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दावे-आपत्तियों और नोटिस से संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करने और पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
शिक्षा विभाग भी चलाएगा जागरूकता अभियान
स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत शिक्षा विभाग को भी सक्रिय भूमिका सौंपी गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयक स्वीप रणजीत सिंह नेगी ने खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और ब्लॉक समन्वयकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही नए और पहली बार मतदान करने के पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सोशल मीडिया के माध्यम से भी होगा प्रचार
अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष शिविरों की गतिविधियों, बीएलओ के अनुभवों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं की प्रतिक्रियाओं से जुड़े फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया और क्षेत्रीय मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अभियान के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


