
हल्द्वानी। शहर की सुप्रसिद्ध सुभाष नगर रामलीला में नव दुर्गा रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन ताड़का वध, सुबाहु वध और गौरी पूजन के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। रामलीला देखने पहुंचे दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
रामलीला में भगवान राम के पात्र का अभिनय कार्तिक तथा माता सीता के पात्र का अभिनय भावेश मेलकानी ने किया। वहीं, पुष्प वाटिका में गौरी पूजन का प्रसंग छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इस दौरान कमलेश दुर्गापाल के पुत्र भावेश दुर्गापाल ने माता गौरी की भूमिका निभाकर पहली बार रामलीला मंचन में प्रतिभाग किया। कमलेश दुर्गापाल विद्युत भंडार खंड, हाइडिल में लेखाकार के पद पर कार्यरत हैं। भावेश के साथ अन्य बच्चों ने भी पहली बार रामलीला में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
नन्हे कलाकारों की सहज और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रामलीला के माध्यम से बच्चों में धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक मूल्यों के प्रति रुचि देखने को मिली। आयोजन ने क्षेत्र में रामलीला की समृद्ध परंपरा और नई पीढ़ी की सांस्कृतिक भागीदारी को भी दर्शाया।


