पुण्य तिथि पर स्व. बलदेव सिंह आर्य को याद कर श्रद्धांजलि दी
पुण्य तिथि पर स्व. बलदेव सिंह आर्य को याद कर श्रद्धांजलि दी
कोटद्वार(चंद्रपाल सिंह चन्द)। शैल शिल्पी विकास संगठन ने गढ़वाल के पहले सांसद स्व. बलदेव सिंह आर्य की 32वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें बीसवीं सदी का नायक बताया।
रविवार को नगर पालिका दुगड्डा स्थित बलदेव सिंह आर्य स्मृति उद्यान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शैल शिल्पी विकास संगठन द्वारा गढ़वाल के प्रथम सांसद एवं उत्तर प्रदेश सरकार में लंबे समय तक मंत्री रहे स्व. बलदेव सिंह आर्य की 32वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।
इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विकास आर्य ने कहा कि स्व. बलदेव सिंह आर्य सही अर्थों में बीसवीं सदी के नायक थे। वह मात्र 18 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता संग्राम में कूद गए थे। वहीं से उन्होंने समाज के वंचित वर्गों की आवाज बनकर उन्हें उनके मानवीय अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने डोला पालकी आंदोलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा साथ ही आजादी से पूर्व शिल्पकारों के बच्चों की शिक्षा दीक्षा के लिए गढ़वाल में 17 विद्यालय खुलवाए।
स्व. आर्य ने मात्र 38 वर्ष की अवस्था में प्रथम प्रोविजनल संसद में गढ़वाल के प्रथम सांसद के रूप में शपथ ग्रहण कर गढ़वाल के विकास की आधारशिला रखी।
विकास आर्य ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में इस क्रांतिकारी समाज सुधारक को सरकारें भुला चुकी हैं। उनके नाम से न कोई सरकारी योजना चल रही है और न किसी महाविद्यालय का नामकरण हुआ है।
मौके पर वक्ताओं ने दुगड्डा स्थित स्वास्थ्य केंद्र व भाबर स्थित राजकीय महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर करने की मांग की है।
कार्यक्रम में डा. मनोज आर्य, राजेंद्र सिंह नेगी, केसी राम निराला, विनीता भारती, जगमोहन रावत, सतीश चंद्र व जगदीश राठी सहित संगठन के सदस्य शामिल रहे।