
देहरादून। त्योहारों के दौरान आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसी क्रम में तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी पाए जाने का मामला सामने आया है।
विभाग के अनुसार, जांच के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को व्यवस्था में सुधार होने तक रसोई का संचालन स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि कैफे संचालक ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 और 58 के अंतर्गत वाद दायर करने की स्वीकृति दी गई है।
विभाग के मुताबिक, अगले कार्यदिवस में न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी, देहरादून के न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्वच्छता संबंधी निर्देशों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का यह अभियान त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों के प्रति जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


