
हल्द्वानी। पंतनगर में चल रहे किसान मेले को देखने की खुशी लेकर बाइक से निकले मोटाहल्दू क्षेत्र के एक युवक की रविवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। लालकुआं वीआईपी गेट के समीप रेलवे ओवरब्रिज के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गया। पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटाहल्दू क्षेत्र के ग्राम भवान सिंह नवाड़ निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह पवार रविवार को बाइक से पंतनगर किसान मेला देखने जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह लालकुआं वीआईपी गेट से कुछ पहले रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कुछ ही क्षण बाद वह मौके पर अचेत हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।

