हरिद्वार, 21 नवंबर। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण में आपसी खींचतान और रचनात्मक गतिविधियों के अभाव से आहत होकर पूर्ण गुरु श्री करौली शंकर जी महाराज ने महामंडलेश्वर पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास जी को संबोधित करते हुए जारी किया है।
अपने त्यागपत्र में करौली शंकर महाराज ने आरोप लगाया कि अखाड़े के पदाधिकारियों के बीच आपसी खींचतान, तानाशाही और मुकदमेबाजी के कारण पंचायती व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने पंजाब के लोगों को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व और उचित सम्मान नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई है।
महाराज ने पत्र में कहा कि सनातन धर्म, संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पण की भावना से उन्होंने अखाड़े में महामंडलेश्वर के रूप में सेवा की। इसके लिए उन्होंने अखाड़े के संत-महात्माओं और पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीर चिंता जताई।
त्यागपत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि आपसी विवाद के चलते अखाड़े की पंचायती व्यवस्था प्रभावित हो रही है और महापुरुषों ने जिन उद्देश्यों के साथ अखाड़े की स्थापना की थी, उनकी पूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने निजी हितों के लिए अखाड़े की संपत्तियों के शोषण एवं दोहन का आरोप भी लगाया।
करौली शंकर महाराज ने यह भी कहा कि अखाड़े में ध्यान-साधना, पूजा-पाठ जैसी धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियां बंद हो चुकी हैं। उनके अनुसार इससे अखाड़े की स्थापना के मूल उद्देश्यों को झटका लगा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक एवं सामाजिक दायित्वों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वेच्छा से महामंडलेश्वर पद छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने अध्यक्ष से त्यागपत्र स्वीकार कर पद से जुड़े सभी दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है।
उल्लेखनीय है कि त्यागपत्र में करौली शंकर महाराज ने किसी अन्य अखाड़े से जुड़ने की घोषणा या संकेत नहीं दिया है।


