
देहरादून। प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ उत्तराखंड की त्रैमासिक बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभागार, तहसील चौक देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकार से लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
संघ ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी आयोजित करने, न्यूनतम अर्हता 40 प्रतिशत निर्धारित करने और वैटेज अंक देने की मांग की। इसके अलावा जूनियर हाई स्कूलों में पर्याप्त पद सृजित कर प्रधानाध्यापक समेत पांच शिक्षकों की व्यवस्था करने तथा शिक्षकों को सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां देने की मांग भी उठाई गई।
शिक्षकों ने 17,140 वेतनमान की वसूली के आदेश निरस्त करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सुविधा देने, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान पर एक वेतन वृद्धि देने तथा राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के तहत केंद्र के समान निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही 5400 ग्रेड वेतन प्राप्त शिक्षकों को बोनस अथवा राजपत्रित अधिकारी का दर्जा देने की मांग भी रखी गई।
बैठक में सुगम-दुर्गम के आधार पर स्थानांतरण किए जाने का पुरजोर विरोध किया गया। संघ ने कहा कि शिक्षकों पर बढ़ते ऑनलाइन और गैर-शैक्षणिक कार्यों का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके विरोध में गैर-शैक्षणिक कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया गया।
विद्यालयों में चल रहे सोशल ऑडिट का भी संघ ने विरोध किया। पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों में पहले से ही एजी एवं आंतरिक ऑडिट की व्यवस्था है। संघ ने अधिकांश जूनियर हाई स्कूलों के एकल शिक्षक के भरोसे संचालित होने और कुछ विद्यालयों के शिक्षण-विहीन होने पर चिंता जताते हुए तय समय सीमा के भीतर पदोन्नति की मांग की।
संघ ने चेतावनी दी कि 8 जून की विशाल रैली के बाद शासन की ओर से दिए गए लिखित आश्वासन के बावजूद यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सितंबर 2026 में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा घेराव और मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा। संगठन जल्द ही आंदोलन के कार्यक्रम की घोषणा करेगा।
इसके साथ ही संघ ने 5 सितंबर शिक्षक दिवस को विरोध स्वरूप काला दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। बैठक में प्रदेश महामंत्री जगबीर सिंह खारोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष मनोज शाह सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।


