
नैनीताल। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर चार लोगों को जिला बदर किया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही एक जनवरी 2026 से अब तक जिले में कुल 98 अराजक तत्वों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय की अदालत ने गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चार व्यक्तियों को जिले की सीमा से बाहर रहने के आदेश दिए हैं। इनमें बनभूलपुरा निवासी शाहनवाज अंसारी उर्फ आतू को छह माह, अभिमन्यु सागर उर्फ सन्नी सागर को तीन माह और रिजवान इलियास को दो माह के लिए जिला बदर किया गया है। वहीं, बिंदुखत्ता निवासी विष्णु आरव को भी दो माह तक जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला बदर के आदेशों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


