

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (SSJGIMSR), अल्मोड़ा में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारी श्री चन्दन सिंह बिष्ट जी के विदाई समारोह का आयोजन भावपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सकों, एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल के योगदान एवं सेवाओं को स्मरण किया।

वक्ताओं ने कहा कि श्री बिष्ट जी ने अपने दायित्वों का निर्वहन सदैव ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ किया। अपने सरल, सहज एवं सहयोगी व्यवहार के कारण उन्होंने संस्थान परिवार में विशेष स्थान बनाया। उनके साथ कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ उनके आत्मीय संबंध उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रहे।

विदाई समारोह में वक्ताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कर्म और व्यवहार से होती है। श्री बिष्ट जी ने अपने कार्य एवं व्यक्तित्व से जो सम्मान अर्जित किया है, वह उनके साथ सदैव रहेगा। उनके स्थानांतरण/विदाई से संस्थान परिवार भावुक है और उनकी कमी निश्चित रूप से महसूस होगी।
इस अवसर पर श्री चन्दन सिंह बिष्ट जी ने संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान में बिताया गया समय उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों का हिस्सा रहेगा। उन्होंने सभी सहकर्मियों के सहयोग एवं आत्मीयता के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह के अंत में संस्थान परिवार की ओर से श्री बिष्ट जी को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ0 राहुल साह द्वारा किया गया।

