16 से 30 नवंबर तक नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे 40 सवालों के जवाब
हरिद्वार, 13 नवंबर 2026। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और जनपद के लक्ष्य को तेजी से हासिल करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो सके।
बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित होगी। इस दौरान नागरिकों को परिवार से संबंधित कुल 40 सवालों के जवाब स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने होंगे। यही 40 प्रश्न बाद में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर भी पूछे जाएंगे।
जनपद में प्रथम चरण के दौरान लगभग 9,000 नागरिकों ने स्वगणना सुविधा का उपयोग किया था। इस बार प्रशासन ने 30,000 से अधिक नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है। स्वगणना करने वाले परिवारों के यहां प्रगणक पहले दर्ज जानकारी का सत्यापन एवं पुष्टि करेंगे, जिससे घर-घर सर्वेक्षण में समय की बचत होगी।
लक्ष्य हासिल करने के लिए जिला प्रशासन व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएगा। कलेक्ट्रेट, सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों, तहसीलों, चिकित्सालयों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर होर्डिंग एवं बैनर लगाए जाएंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रभात फेरियों तथा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ब्रॉडकास्ट चैनलों और डिजिटल माध्यमों से वीडियो अपील एवं प्रचार सामग्री प्रसारित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त नगर निगम के ठोस अपशिष्ट संग्रहण और अन्य नागरिक उपयोगिता वाहनों से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। सिनेमा हॉलों में फिल्म प्रदर्शन से पहले जनगणना संबंधी जागरूकता स्लाइड भी दिखाई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच स्वगणना अवश्य करें और परिवार, मित्रों तथा पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने अधिकारियों को जागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला, तहसीलदार सचिन कुमार, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, खंड विकास अधिकारी नारसन पवन सिंह सैनी, खानपुर आलोक गार्गेय, रुड़की सुमन कोठियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए, जबकि कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

स्वगणना से बचेगा समय, प्रगणक करेंगे दर्ज जानकारी का सत्यापन



