
अल्मोड़ा। नगर के सीढ़ बाजार स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान को नगर निगम ने गुरुवार को सील कर दिया। दुकान संचालक पर युवतियों की फोटो, आपत्तिजनक सामग्री और टिप्पणियां सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप लगे हैं। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि दुकानदार के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। चूंकि संबंधित दुकान नगर निगम द्वारा आवंटित की गई थी, इसलिए शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्रकरण से निगम की छवि प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए दुकान को सील किया गया है।
बताया गया कि दुकानदार पर युवतियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए थे। मामले में पहले भी साइबर जांच की मांग उठ चुकी है। बजरंग दल की ओर से एसडीएम को ज्ञापन देकर दुकानदार के मोबाइल फोन की जांच कराने की मांग की गई थी।
ज्ञापन में मोबाइल फोन में मौजूद फोटो, चैट और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर कथित सामग्री के स्रोत और उसे साझा किए जाने की जानकारी जुटाने की मांग की गई थी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब मामले की जांच के आधार पर ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
फोटो परिचय : अल्मोड़ा के सीढ़ बाजार में कॉस्मेटिक दुकान को सील करते नगर निगम के कर्मचारी।


