बीएचईएल स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव में एक्सेल पुरस्कार वितरण
हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राष्ट्रसेवा के 62 वर्ष पूरे होने पर स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव आयोजित किया। समारोह में केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर इस्पात एवं भारी उद्योग सचिव संदीप पौण्डरीक, अतिरिक्त सचिव निगार फातिमा हुसैन, संयुक्त सचिव विजय मित्तल, बीएचईएल सीएमडी के. सदाशिव मूर्ति, निदेशक मंडल, मुख्य सतर्कता अधिकारी, पूर्व सीएमडी एवं पूर्व निदेशक सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
राज्य मंत्री ने कहा कि 1964 में स्थापित बीएचईएल की यात्रा दृढ़ता, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि देश की स्थापित ताप विद्युत क्षमता में आधे से अधिक योगदान बीएचईएल निर्मित सेटों का है। कंपनी आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है।

बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों से चुनी गई 25 टीमों के कुल 131 कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार दिए गए। पुरस्कारों में उत्कृष्टता, तकनीकी प्रकाशन, अनुसंधान, ग्राहक संतुष्टि, उत्पादकता, पर्यावरण और समाज सेवा की श्रेणियां शामिल थीं। योजना के अंतर्गत प्रत्येक सदस्य को प्रमाण पत्र, पदक एवं प्रशस्ति पत्र और टीम को नकद पुरस्कार दिया जाता है।
सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि बीएचईएल की मजबूत ऑर्डर बुक ग्राहकों के विश्वास का प्रमाण है, लेकिन इससे निष्पादन की जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने कंपनी से ऊर्जा संक्रमण में केंद्रीय भूमिका निभाने के साथ विनिर्माण उत्कृष्टता, व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य अनुसंधान एवं विकास और ज्ञान हस्तांतरण पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

सीएमडी के. सदाशिव मूर्ति ने बताया कि बीएचईएल ने मजबूत ऑर्डर बुक के सहारे उत्साहजनक प्रदर्शन किया है और क्षमता निर्माण के साथ विविधीकृत एवं सामरिक क्षेत्रों में भी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि एक्सेल पुरस्कार उन कर्मचारियों को पहचान देते हैं जिनके कार्य से लागत और साइकल टाइम घटा, सामग्री बची और गुणवत्ता में सुधार हुआ। कार्यक्रम में कर्मचारियों और उनके बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।


