
नैनीताल। वीकेंड और अवकाश के चलते श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस के अनुसार कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों के साथ-साथ निजी वाहनों के आवागमन को भी नियंत्रित किया जाएगा।
हल्द्वानी से कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन के जरिए भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। वापसी में भी शटल सेवा से पार्किंग स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।
वहीं नैनीताल/गेठिया की ओर से कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सेनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
भारी वाहनों पर भी रहेगी निगरानी
अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से आवश्यकतानुसार डायवर्ट कर रामगढ़/मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति होगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली सेनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा सकता है।
रामगढ़ और खुटानी मार्ग का भी होगा इस्तेमाल
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से भेजा जा सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी आवश्यकता पड़ने पर क्वारब–रामगढ़–नथुवाखान बाईपास का इस्तेमाल कराया जाएगा।
वीकेंड के दौरान टैक्सी एवं दुपहिया टैक्सी वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रखा जाएगा।
सड़क किनारे पार्किंग पर रोक
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालु और पर्यटक निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा सड़क किनारे अथवा यातायात में बाधा बनने वाले स्थानों पर वाहन खड़े न करें। भीमताल विकास भवन और भवाली सेनेटोरियम पार्किंग को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्किंग भरने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस तथा अन्य आवश्यक एवं आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए यातायात पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार अलग कॉरिडोर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। आकस्मिक स्थिति में मार्ग खाली कराकर आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता से निकाला जाएगा।
पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या तथा सड़क पर वास्तविक यातायात दबाव के आधार पर डायवर्जन प्लान में आवश्यक बदलाव किया जा सकता है। नैनीताल पुलिस ने सभी वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से नि
र्धारित पार्किंग, डायवर्जन और शटल सेवा का पालन करने तथा यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

