
–कॉलेज परिसर और आसपास कड़ी निगरानी, बाहरी व अराजक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 29 सितंबर 2026 को SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

SSP ने निर्देश दिए कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को कॉलेज परिसर या आसपास छात्रों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, विवाद उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति न दी जाए। ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी रहेगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश द्वार, बैरियर, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग और फ्रिस्किंग प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मोबाइल पुलिस टीमों को लगातार गश्त करने और सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखने को कहा गया है।
अधिकारियों को अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने, जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी तरह की अफवाह, विवाद, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि छात्रसंघ निर्वाचन लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। चुनाव की आड़ में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, छात्रों को धमकाने, बाहरी या अराजक तत्वों के हस्तक्षेप और हिंसा जैसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

