
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। विवाहिता की तहरीर पर ज्वालापुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार विवाहिता की शादी 27 जून 2023 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंकित कुमार निवासी सीतापुर माजरा, ज्वालापुर के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी में उसके मायके पक्ष ने करीब 10 लाख रुपये का सामान दिया था और करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे और उस पर ब्रेजा कार तथा पांच लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया जाता था।

विवाहिता ने आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए जाते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि कई बार उसे भूखा रखकर कमरे में बंद कर दिया जाता था। तहरीर में पति अंकित कुमार, सास पूजा, ससुर गोपाल समेत अन्य रिश्तेदारों पर दहेज की मांग करने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं।
विवाहिता के मुताबिक मारपीट के बाद उसे ससुराल से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने मायके चली गई। आरोप है कि ससुराल लौटने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही कानूनी कार्रवाई करने पर उसके भाइयों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
विवाहिता ने ज्वालापुर थानाध्यक्ष को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

