

हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने एक अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह उत्तराखंड समेत चार राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। गिरोह के दो अन्य सदस्य फिलहाल कर्नाटक पुलिस की गिरफ्त में हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में मुखानी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को नवीन पनेरू निवासी लालपुर नायक, हल्द्वानी की तहरीर पर मुखानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 27 से 30 अगस्त के बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली थी।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर को ग्रीनवुड ग्लोबल स्कूल के पास से तारिक फहीम (45) पुत्र मौ. सलीम, निवासी अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो पीली धातु के टॉप्स और दो सफेद धातु की पायल बरामद हुईं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी कदीर और जफर, दोनों निवासी अकरौली, के साथ मिलकर रक्षाबंधन की रात मुखानी क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। चोरी का माल तीनों ने आपस में बांट लिया था। पुलिस के अनुसार तारिक अपने हिस्से के आभूषण बेचने के लिए हल्द्वानी आया था, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरोह के उत्तराखंड के मुखानी, उत्तर प्रदेश के बनियाठेर, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और कर्नाटक के उडुपी में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। गिरोह के कदीर और जफर को कर्नाटक पुलिस द्वारा अन्य आपराधिक मामले में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। दोनों के आपराधिक इतिहास के संबंध में संबंधित पुलिस से जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम के लिए 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। उत्कृष्ट योगदान देने वाले टीम सदस्य को अलग से पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपा भट्ट, चौकी प्रभारी आरटीओ, उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी, कांस्टेबल सुनील आर्य और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।

