
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 31 अगस्त को जनपद नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य बंद रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग ने जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है।

सुरक्षा के मद्देनजर सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक इसका अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
हालांकि, नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित आवासीय शैक्षणिक संस्थानों में यह आदेश लागू नहीं होगा। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

