
बागेश्वर। सिमार गांव में खेत में घास काटने गई 45 वर्षीय महिला की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। गंभीर हालत में बैजनाथ स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर की गई महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही 108 एंबुलेंस में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर सिमार (गागरीगोल) गांव निवासी तुलसी देवी पत्नी राजेंद्र सिंह शनिवार शाम करीब छह बजे घर के पास खेत में घास काटने गई थीं। खेत में पहुंचते ही जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद महिला ने आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए बैजनाथ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ उन्हें एंटी-स्नेक वेनम दिया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया गया।
108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही तुलसी देवी की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

