हल्द्वानी। माननीय राज्यपाल, उत्तराखंड के 18 नवम्बर 2026 को हल्द्वानी में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।

डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक (अपराध/यातायात) नैनीताल ने पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबन्स सिंह, पुलिस अधीक्षक संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के साथ बहुउद्देशीय मीटिंग हॉल, मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में ब्रीफिंग की।


वीआईपी सुरक्षा और एंटी-सबोटाज जांच के निर्देश
ब्रीफिंग में वीआईपी रूट, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन चेकिंग तथा बीडीएस और डॉग स्क्वायड के माध्यम से एंटी-सबोटाज जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर पुलिस बल को निर्धारित समय से पहले पहुंचकर पूरी मुस्तैदी से तैनात रहने को कहा गया।

बिना पास प्रवेश नहीं, यातायात के लिए रूट डायवर्जन
कार्यक्रम स्थल और इनर कॉर्डन में वैध पास अथवा पूर्व अनुमति के बिना किसी व्यक्ति या वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन प्लान का सख्ती से पालन कराने और एंबुलेंस सहित आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

वायरलेस से समन्वय और अभिसूचना तंत्र सक्रिय
सभी प्रभारी अधिकारियों को वायरलेस सेट के माध्यम से निरंतर संपर्क बनाए रखने और अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान आमजन के साथ शालीन एवं संयमित व्यवहार रखने को भी कहा गया।

ब्रीफिंग में क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी ऑप्स नैनीताल समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना नैनीताल, आरआई रेडियो राजकुमार सिंह बिष्ट, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय सहित विभिन्न थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।


