देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की। उन्होंने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़े उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण होंगे। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विश्वसनीय जनसंख्या आंकड़े उपयोगी हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल स्व-गणना से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। प्रत्येक परिवार की सहभागिता से आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उत्तराखण्ड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर 2026 तक se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।


