मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कालाढूंगी के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं
समारोह में मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित करने, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण करने, कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
- क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।
- ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण होगा।
- कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
- गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण होगा।
- कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
- कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

महिलाओं का सम्मान और आत्मनिर्भरता सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को साकार कर सके। उत्तराखंड की महिलाओं ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में परिवार, खेती, पशुपालन और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने अपनी माता के संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम को अपने लिए प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा और मजबूत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और इस ब्रांड ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मातृशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प साकार होगा। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


