गौचर। चमोली जनपद के गौचर में शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट किया।

गौचर मेले का ऐतिहासिक महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से इसकी शुरुआत भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था। समय के साथ मेले का स्वरूप विस्तृत हुआ और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में विशिष्ट पहचान रखता है।

उन्होंने कहा कि मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का मंच देता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। मेले लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत के संरक्षण के साथ समाज को जोड़ने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने चमोली को भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और चिपको आंदोलन की जन्मभूमि बताते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को गांवों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से रोजगारपरक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है, जिसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है।

सिमली अस्पताल के विषय पर कमेटी गठित होगी
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर सभी संबंधित पक्षों को सुनने की बात कही। प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह करते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया।

इस अवसर पर पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा, ग्राम बमोथ, चमोली को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई दी।

गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण किया। अमृत 2.0 के तहत कर्णप्रयाग विकासखंड में 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत गैरसैंण विकासखंड में 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इनसे संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी सहित जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


