रुड़की। गंगनहर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए घर से लापता सात वर्षीय बच्ची को चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिवार से मिला दिया। बच्ची मानसिक रूप से कमजोर और बोलने में असमर्थ है।
13 नवंबर 2026 को श्यामनगर निवासी सुमित कुमार ने कोतवाली गंगनहर पुलिस को सूचना दी कि उनकी सात वर्षीय बेटी घर से लापता हो गई है। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस ने सूचना मिलते ही दो टीमों का गठन किया। टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने चार घंटे में बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
बच्ची को परिजनों के सुपुर्द किए जाने पर माता-पिता ने राहत की सांस ली और पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र राठी, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल रणवीर शामिल रहे।


