
रुद्रपुर। अस्पताल में भर्ती बेटे को देखकर बस का इंतजार कर रहे एक बुजुर्ग को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, 56 वर्षीय गेंदनलाल निवासी बिलासपुर (रामपुर, यूपी) का बेटा अरविंद कुमार किच्छा रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती है। बुधवार शाम गेंदनलाल बेटे को देखने अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद वह किच्छा हाईवे पर सड़क किनारे खड़े होकर कहीं जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में गेंदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।


