
देहरादून। दुबई में कारोबार कर रही एक महिला को देहरादून में जमीन बेचने का झांसा देकर 36.22 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को जमीन का कब्जा देने के बाद उसकी रजिस्ट्री नहीं कराई गई और बाद में उसी जमीन का बैनामा दूसरे व्यक्ति के नाम कर दिया गया। महिला की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के अनुसार, सिनौला निवासी रीतिराज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से दुबई में कारोबार कर रही हैं। वर्ष 2018 में सुरेंद्र सिंह ने उन्हें गुनियाल गांव के पास 650 वर्गमीटर जमीन दिखाई थी। इस जमीन का सौदा 1.10 करोड़ रुपये में तय हुआ। महिला ने 14 लाख रुपये अग्रिम दिए और जमीन की जांच कराई तो वह विवादित निकली।
इसके बाद आरोपी ने महिला को दूसरी जगह जमीन दिखाई, लेकिन वह उन्हें पसंद नहीं आई। बाद में आरोपी ने द्वारा गांव में एक अन्य जमीन दिखाई। इसे खरीदने के लिए महिला ने 36.22 लाख रुपये का एग्रीमेंट किया। आरोप है कि विक्रेता सुरेंद्र सिंह निवासी समौली ने 17 जनवरी 2019 को महिला को जमीन पर कब्जा दे दिया और धीरे-धीरे नकद व बैंक के माध्यम से पूरी रकम ले ली।
महिला के अनुसार, आरोपी रजिस्ट्री कराने की मांग पर दाखिल-खारिज नहीं होने का हवाला देकर टालता रहा। फरवरी 2026 में भारत लौटने पर उन्हें पता चला कि सुरेंद्र सिंह ने 27 जुलाई 2021 को उसी जमीन का बैनामा भगवान सिंह नाम के व्यक्ति के नाम कर दिया था।
पीड़िता ने जमीन पर चारदीवारी कराने और बैनामे की मांग की तो आरोपी ने जमीन दिलाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि 11 सितंबर को बैनामे के लिए तहसील बुलाया गया, लेकिन आरोपी वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद पीड़िता लच्छीवाला स्थित अरविंद सिंह के घर गईं, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता की और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी।
राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर सुरेंद्र सिंह, भगवान सिंह और अरविंद सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


