
अल्मोड़ा । नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर क्रॉस बैरियर नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इन स्थानों पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। वहीं, सुरक्षा अवरोधों के अभाव में गोवंश के सड़क से नीचे गिरकर चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। जनसुरक्षा और बेजुबान पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस ने इस समस्या को प्रशासन के समक्ष उठाया है।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नेशनल हाईवे के दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर क्रॉस बैरियर लगाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क किनारे सुरक्षा अवरोध नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से गोवंश के लिए यह स्थिति खतरनाक साबित हो रही है, जिससे पशुओं के चोटिल होने का खतरा बना रहता है।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रेडक्रॉस की इस पहल से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और लोगों के साथ गोवंश को भी हादसों से बचाने की उम्मीद है।
ज्ञापन सौंपने वालों में रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू, सचिव मनोज भंडारी मंटू, उपसचिव अभिषेक जोशी, अनुनय पांडे, अनुज साह, रोहित शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


