
हरिद्वार । लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग का जांच अभियान सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 35 बसों के चालान किए गए, जबकि तीन बसों को सीज कर दिया गया।
जांच अभियान के दौरान परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में टीम ने बसों के आवश्यक अभिलेखों की जांच की। इसमें फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही बसों की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी अभियान में शामिल रहे।
जांच के दौरान बसों में किए गए अनधिकृत बदलाव और यात्री सुरक्षा से जुड़े मानकों की पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के सहायक संभागीय अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 35 बसों के चालान किए गए हैं और तीन बसों को सीज किया गया है। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिवहन नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से जांच अभियान चलाया जा रहा है।


