
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने खड़गे से अपने बयान के लिए देशवासियों से माफी मांगने की मांग की।
अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक विरोध करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर उनके दिवंगत परिजनों को लेकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा, शालीनता और राजनीतिक मर्यादाओं का पालन करना प्रत्येक नेता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के प्रति पूर्व में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणियों के बाद अब उनके दिवंगत पिता को लेकर ऐसी टिप्पणी सामने आना दुखद है। यह राजनीति में संवाद के गिरते स्तर को दर्शाता है।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। विपक्ष को सरकार की नीतियों और कार्यों पर स्वस्थ बहस करनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों के माध्यम से राजनीतिक वातावरण को दूषित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन इन मतभेदों को व्यक्त करते समय भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति सम्मान और सार्वजनिक संवाद में शालीनता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। अजय भट्ट ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपने बयान पर देशवासियों से माफी मांगने की मांग की।


