
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में रविवार को दो दिवसीय वार्षिक समारोह ‘क्रिसेण्डो-2026’ का शुभारंभ कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
उद्घाटन समारोह में आयुक्त दीपक रावत ने मेडिकल कॉलेज परिवार और विद्यार्थियों को वार्षिकोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ सांस्कृतिक, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
आयुक्त ने कहा कि भविष्य के चिकित्सकों का दायित्व केवल मरीजों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण और सामाजिक सहभागिता का विशेष महत्व है।
कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. अजय आर्य, डॉ. बसंत जोशी, डॉ. एचएस पांडे, डॉ. एके सिन्हा, डॉ. अजय विश्वकर्मा, डॉ. गौरव जिंदल और राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सामिस्तान अहमद सहित संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव डॉ. गणेश सिंह ने किया। दो दिवसीय ‘क्रिसेण्डो-2026’ का आयोजन 25 और 26 अक्टूबर को किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद और शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।


