
–सांसद अजय भट्ट ने देश एवं प्रदेशवासियों को दी दशहरे की शुभकामनाएं, भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने विजयदशमी (दशहरा) के पावन पर्व पर समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य, धर्म, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व समाज में सकारात्मकता, आपसी सद्भाव, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। इस पावन अवसर पर सभी को अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
सांसद भट्ट ने कामना की कि विजयदशमी का पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। साथ ही देश में खुशहाली, सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को और अधिक मजबूती प्रदान करे।


