
–समृद्ध किसान, सशक्त उत्तराखंड अभियान के तहत कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की दी जानकारी
हल्द्वानी। सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित ‘समृद्ध किसान, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर रहा कृषक रथ रविवार को हल्द्वानी पहुंचा। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत ने किसानों को प्राकृतिक एवं रसायनमुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंशीधर भगत ने कहा कि प्राकृतिक खेती से भूमि की उर्वरता बनाए रखने के साथ ही किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने किसानों से खेती में रासायनिक पदार्थों का उपयोग कम करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
उन्होंने किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराने के साथ ही मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तेजी से डिजिटल हो रही है। ऐसे में किसानों के लिए आवश्यक पंजीकरण और अभिलेखों को अद्यतन रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित विभिन्न संबंधित विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों और अन्य लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और कृषि से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि कृषक रथ के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में भ्रमण कर किसानों को कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में विधायक बंशीधर भगत ने कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. कंचन नैनवाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद हयांकी, कृषि रक्षा अधिकारी रितु टम्टा, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. गीतांजलि बंगारी, हिमांशु जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य रजनी, प्रगतिशील किसान नरेंद्र मेहरा, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. सुधा जुकारिया, इफको के प्रबंधक दीपक आर्या, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह बोहरा, मंडल अध्यक्ष संदीप सनवाल, जीएस मेहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


