
चमोली जिले के जोशीमठ नगर में भालू की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे सिंहधार वार्ड में एक गोशाला में घुसे भालू ने गाय को मार डाला। गाय की आवाज सुनकर गोशाला पहुंचे परिवार के लोगों का सामना अचानक भालू से हो गया। भालू ने हमला कर एक ही परिवार के चार लोगों को घायल कर दिया। शोर मचाने पर भालू मौके से भाग गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, भालू के हमले में बिंदेश कुमार (37) के पैर और संतोषी देवी (26) के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, भावना देवी और ओमप्रकाश भी घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योतिर्मठ ले जाया गया। अस्पताल के प्रभारी डॉ. गौतम ने बताया कि बिंदेश कुमार और संतोषी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि अन्य दो घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जताया आक्रोश
भालू के हमले की घटना के बाद नगर में दहशत का माहौल है। नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह के नेतृत्व में महिलाएं और स्थानीय लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भालू की सक्रियता पर नाराजगी जताते हुए भालू को जल्द पकड़ने की मांग की।
इस दौरान नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की एसडीओ सुमन भी मौजूद रहीं। उन्होंने लोगों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया।
पिंजरा लगाने और ट्रेंकुलाइज करने की तैयारी
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जीरवान ने बताया कि भालू की संभावित आवाजाही वाले क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा। साथ ही भालू को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर नगरवासियों को भालू के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।


