
देहरादून। चालान कटने का झांसा देकर साइबर ठगों ने विकासनगर निवासी एक युवक के बैंक खाते से 1.87 लाख रुपये उड़ा लिए। ठगों ने चालान से संबंधित संदेश के जरिए युवक के मोबाइल में अनजान एप डाउनलोड कराकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर सात, मंडी चौक बाबूगढ़ निवासी आकाश कुमार ने शिकायत में बताया कि नौ अक्टूबर की रात करीब नौ बजे उनके पिता के मोबाइल फोन पर चालान से संबंधित एक संदेश आया था। संदेश की जानकारी लेने के लिए उनके पिता ने उसे आकाश के मोबाइल पर भेज दिया। आकाश ने जैसे ही अपने मोबाइल पर संदेश खोला, फोन में एक अनजान एप डाउनलोड हो गया। इसके बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया।
आरोप है कि साइबर ठगों ने गूगल पे के माध्यम से उनके बैंक खाते से दो बार में 93,500-93,500 रुपये निकाल लिए। इस तरह खाते से कुल 1,87,000 रुपये की निकासी कर ली गई। पीड़ित का खाता विकासनगर स्थित केनरा बैंक में है।
घटना के बाद आकाश कुमार ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाली विकासनगर में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी जरूरी
पुलिस और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह है कि चालान, बैंक खाते या अन्य जरूरी सेवाओं के नाम पर भेजे गए अनजान लिंक को न खोलें और किसी भी अज्ञात एप को डाउनलोड न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


