
हल्द्वानी, 10 अक्टूबर। कैंचीधाम में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए वैकल्पिक मार्गों, नई पार्किंग और सड़क चौड़ीकरण की योजनाओं पर काम तेज होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। विगत सप्ताह कैंचीधाम में लगे जाम पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों से ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने को कहा।
श्रद्धालुओं के लिए अलग होंगे प्रवेश और निकासी मार्ग
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कैंचीधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मंदिर प्रशासन से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिर को सुबह छह बजे के बजाय चार बजे खोला जाए। साथ ही मंदिर में प्रवेश के लिए एक मार्ग और निकासी के लिए पार्किंग की ओर अलग मार्ग विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए। इससे मंदिर के सामने सड़क पर वाहनों और श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण लगने वाले जाम को कम करने में मदद मिलेगी।
निगलाट में पार्किंग, कई वैकल्पिक मार्गों की तैयारी
अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को जाम से होने वाली परेशानी के मद्देनजर मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव जल्द तैयार करने को कहा। उन्होंने निगलाट के पास वन विभाग की नर्सरी की खाली भूमि पर पार्किंग विकसित करने के लिए संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पर्वतीय मार्गों की ओर जाने वाले वाहनों को ज्योलीकोट के रास्ते भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को दो लेन करने और कैंचीधाम से हड़तप्पा तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण के लिए भी वन विभाग के साथ समन्वय कर सर्वे करने के निर्देश दिए गए।
रानीबाग तिराहे पर वैली ब्रिज का प्रस्ताव
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर जाम की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर वैली ब्रिज बनने से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात बाधा को कम किया जा सकता है। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने गुलाबघाटी के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृत कर कार्य शुरू कराने की बात भी कही।
खराब सड़कों की मरम्मत और बाईपास पर भी जोर
पाटलीगांव से रातीघाट सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जल्द प्रस्ताव तैयार कर सड़क को सुचारू करने के निर्देश दिए। सैनिटोरियम से पाटलीगांव मार्ग की मरम्मत कराने को भी कहा, ताकि वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही बेहतर हो सके।
उन्होंने बताया कि गौलापार-लालकुआं बाईपास के टेंडर हो चुके हैं और इसका निर्माण डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।
पार्किंग नियमों का पालन करने की अपील
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने आम जनता से पर्वतीय मार्गों पर वाहन खड़े नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से जाम की समस्या कम की जा सकती है।
बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश जी, आरटीओ अरविंद कुमार पांडे, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता राजेश पांडे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रतनेश, उपजिलाधिकारी मोनिका, सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



