
हल्द्वानी। हेल्थ सेंटर के लिए ऑनलाइन सामान मंगाना आवास विकास निवासी एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पर फंसे होने और उसे छुड़ाने के लिए टैक्स जमा करने का झांसा देकर पीड़ित से 2.48 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। काठगोदाम पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आवास विकास निवासी पीड़ित ने देवलचौड़ क्षेत्र में हेल्थ सेंटर खोला है। उसने पांच अक्टूबर को बेंगलुरु से अपने हेल्थ सेंटर के लिए ऑनलाइन सामान मंगाया था। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे फोन किया और बताया कि उसका पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पर फंसा हुआ है। आरोपी ने पार्सल छुड़ाने के लिए टैक्स जमा करने की बात कही और रकम जमा होने के बाद ही सामान पहुंचने का झांसा दिया।
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में रुपये ट्रांसफर करने शुरू कर दिए। इस तरह उसने कुल 2.48 लाख रुपये भेज दिए। इसके बावजूद न तो पार्सल रिलीज हुआ और न ही सामान उसके पास पहुंचा। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।
काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


