
, गार्जिया में हादसा
रामनगर। कॉर्बेट घूमने आए दिल्ली के पर्यटकों के साथ पहुंचे कार चालक की शनिवार सुबह गार्जिया क्षेत्र में कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नागेंद्र झा के रूप में हुई है। नदी के तेज बहाव की चपेट में आने के बाद वह पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाश के बाद शव नदी से बरामद कर लिया।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली से पर्यटकों का एक दल कॉर्बेट नगरी रामनगर घूमने आया था। पर्यटक गार्जिया क्षेत्र स्थित बेलामुंडा रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह उनके साथ आया कार चालक नागेंद्र झा कोसी नदी में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूब गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर रिसॉर्ट में ठहरे लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। तलाश के दौरान कुछ दूरी पर नदी के बहाव में नागेंद्र झा का शव मिला। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
इसके बाद शव को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर लाया गया। चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि नदी में डूबने की सूचना के बाद एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। शव को मोर्चरी में रखकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। हादसे के बाद पुलिस ने नदी किनारे जाने वाले लोगों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कोसी नदी के तेज बहाव को देखते हुए गहरे पानी और जोखिम वाले स्थानों पर नहाने से बचने की सलाह दी है।

