हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि शिकायत मिलने के छह घंटे के भीतर सभी नामजद आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि चार युवक बच्ची को डराकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ अपराध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी शहर के चर्चित आईटीआई गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
एसएसपी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।


