विवाहित पर उसके पति तथा ससुराल पक्ष द्वारा जानलेवा हमला, पीड़िता की तहरी पर पुलिस ने गम्भीरता पूर्वक जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए


विवाहित पर उसके पति तथा ससुराल पक्ष द्वारा जानलेवा हमला, पीड़िता की तहरी पर पुलिस ने गम्भीरता पूर्वक जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए
हल्द्वानी, बचीनगर पोस्ट लामाचौड़ में एक शादीशुदा महिला ने अपने ऊपर पति, देवर एवं देवरानी द्वारा जान से मारने के उद्देश्य से किए गये जानलेवा हमले की मुखानी पुलिस को तहरीर सौंपी है। तहरीर में पीड़ित महिला ने अपनी गम्भीर चोटों की मेडिकल रिपोर्ट को पुलिस को सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उसके पति राजेश शर्मा, देवर राकेश शर्मा व देवरानी हिमानी शर्मा ने एक राय होकर अमानवीय क्रूरता पूर्वक व प्राणघातक तरीके से उसे जान से मारने का प्रयास किया तथा हत्या की साजिश की। जैसे तैसे महिला अपनी जान बचाकर वहां से निकल भागी तथा अपनी गम्भीर चोटों का मेडिकल तत्काल बेस अस्पताल हल्द्वानी में कराया। पीड़ित महिला द्वारा मुखानी पुलिस को सौंपी तहरीर के अनुसार उसका विवाह विगत 12 वर्ष पूर्व राजेश शर्मा मूल निवासी नायल भालुगाड जिला पिथौरागढ के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा उसके साथ मारपीट करते हुए मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया जाता रहा है। जिसके उपरांत महिला ने इसकी शिकायत राजस्व पुलिस को दी थी। जिसके बाद पति द्वारा लिखित माफीनामा देने के बावजूद भी पति द्वारा उसका लगातार उत्पीड़न किया जाता रहा।
शादी के कुछ समय बाद महिला अपने पति के साथ हल्द्वानी बचीनगर में रहने लगी, उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि बुधवार को पति राजेश शर्मा, देवर राकेश शर्मा व देवरानी हिमानी शर्मा ने एक राय होकर उसे जान से मारने के उद्देश्य से अत्यंत अमानवीय , क्रूरतापूर्वक प्राणघातक रूप से हमला किया। जिससे महिला के शरीर के विभिन्न अंगों पर गंभीर चोटें पहुंचाई गई तथा पीड़ित महिला जान बचाकर अपने दोनो बच्चो को लेकर जैसे तैसे हल्द्वानी स्थित ननिहाल पक्ष के घर पहुंची तथा वहां से अपने मायके बेरीनाग में अपने पिता व भाइयो को उसके साथ हुए अमानवीय घटना की सूचना दी, जिसके बाद पीड़ित महिला को तत्काल बेस अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों द्वारा मेडिकल जांच कर महिला के शरीर पर विभिन्न 8 गम्भीर चोटें दर्शायी गई।
महिला का आरोप है कि उनका पति महिला पर जबरन तलाक देने का दबाव बना रहा है। तलाक न देने पर जान से मारने की धमकी दी जी रही थी। महिला ने हल्द्वानी मुखानी थाने मे लिखित शिकायत दर्ज कर पति व उसके परिवार से जान का खतरा होने व उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए दोनो बच्चो व उसकी सुरक्षा करने की गुहार लगाते हुए ससुराल वालो पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट एवं मामले की गम्भीरता को देखते हुए तुरन्त जांच कर कार्यवाही के अधीनस्थों को निर्देश दिये हैं।



