शहर में बंदरों का आतंक, पद्मश्री डॉ. यशोधर मठपाल घायल; नगर पालिका से तत्काल कार्यवाही की मांग़

शहर में बंदरों का आतंक, पद्मश्री डॉ. यशोधर मठपाल घायल; नगर पालिका से तत्काल कार्यवाही की मांग़
भीमताल। शहर में बंदरों की बढ़ती समस्या ने शहरवासियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। हाल ही में, बंदरों के हमले में शहर के सम्मानित निवासी और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. यशोधर मठपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की उदासीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।
पत्र में उन्होंने बताया कि शहरवासियों ने कई बार नगर पालिका से बंदरों को पकड़ने की मांग की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पहले वन विभाग इस तरह की समस्याओं का समाधान करता था, किंतु अब यह जिम्मेदारी नगर प्रशासन के पास है।पूरन बृजवासी ने अपने पत्र में अनुरोध किया है कि शहर के 9 वार्डों में तत्काल टीमें भेजकर बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएं, ताकि नागरिकों को इस खतरे से सुरक्षा मिल सके। उन्होंने कहा, “पद्मश्री डॉ. यशोधर मठपाल जी जैसे सम्मानित व्यक्ति के साथ हुई इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है।
नगर पालिका को अब तुरंत कदम उठाना होगा।”शहरवासियों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और वे नगर पालिका से शीघ्र कार्यवाही की उम्मीद कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से इस विषय पर तत्काल ध्यान देने और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

