पौड़ी गढ़वाल(सतपुली): 56 करोड़ की लागत से पूर्वी नयार नदी में झील का किया शिलान्यास
सीएम धामी पहुँचे सतपुली,173 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की सौगात दी
◆ 56 करोड़ की लागत से पूर्वी नयार नदी में झील का किया शिलान्यास
कोटद्वार/सतपुली (चन्द्रपाल सिंह चन्द)। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सतपुली में पूर्वी नयार नदी में बनने वाली बहुउद्देशीय सतपुली झील का शिलान्यास सहित लगभग 172 करोड़ 65 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए छह घोषणाएं की जबकि चार अन्य घोषणाओं को परीक्षण के उपरांत स्वीकृति की बात कही।
गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हैलीकाप्टर से बिलखेत हैलीपेड लगभग पौने दो घंटे विलंब से पहुंचे। जहां पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज समेत अनेक जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
हैलीपेड से कार द्वारा मुख्यमंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल रामलीला मैदान सतपुली पहुंचा।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री धामी ने 56 करोड़ रुपये की लागत से पूर्वी नयार नदी के बनने जा रही सतपुली झील समेत 123 करोड़ 53 लाख की चार योजनाओं का शिलान्यास व 49 करोड़ 12 लाख की बीस योजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने विकास खण्ड बीरोंखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भरोलीखाल व बीरोंखाल में नवीन भवन निर्माण, विकासखण्ड एकेश्वर व कल्जीखाल के मध्य नयार पाटीसैण व असवालस्यूँ के मध्य पश्चिमी नयार नदी के ऊपर मोटर पुल, विकास खण्ड एकेश्वर मुख्यालय में मिनी स्टेडियम, रवांसा नदी के ऊपर निर्मित पीपलडोंगा पुल से 500 मीटर ऊपर बैराज का निर्माण, ताड़केश्वर महादेव में पुलिस चौकी की स्थापना की घोषणा करते हुए महिला स्वमं सहायता समूहों व विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने संबोधन में कहा कि आज उनके द्वारा लगभग 172 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। यह योजनाएं इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि सतपुली झील का निर्माण पूरा होने से यह क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए वरदान साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार की भूमि से कहा था कि 21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा और इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है। आज जिस झील का शिलान्यास किया गया है उसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी होगा। प्रदेश में सड़क, हवाई कनेक्टिविटी के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास किया जा रहा है। प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में वृहद स्तर पर निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पलायन जैसी वृहद समस्या को जड़ से समाप्त करने की दिशा में निरंतरता से कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय उद्योगों में भी युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति हर क्षेत्र में क्रांति ला रही है। मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पाद आज बड़ी बड़ी कंपनियों को भी फेल कर रहे हैं, जिनकी डिमांड विदेशों तक होने लगी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने के लिए भी हम संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश में 5000 एकड़ से अधिक भूमि लैंड जिहाद से मुक्त करवाई गई है। थूक जिहाद पर भी हमने कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि 2025 के जनवरी माह में हम प्रदेश में यूसीसी को लागू करने जा रहे है। बहुत जल्द हम राज्य की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सख्त भू कानून लाने वाले हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्र में विकास योजनाओं की स्वीकृति के मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा।
इस अवसर पर आयोजित संस्कृतिक कार्यक्रम में लोक गायक अनिल बिष्ट ने हनुमान भजन हनुमंत बल वीर….गाकर सबको झूमने में मजबूर कर दिया।
मंच का संचालन मंडल अध्यक्ष पोखड़ा महिपाल सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर लैंसडौन विधायक महंत दिलीप रावत, जिलाध्यक्ष कोटद्वार बीरेंद्र सिंह रावत, गौ सेवा आयोग में अध्यक्ष पंडित राजेंद्र अंथवाल, जिलाध्यक्ष पौड़ी सुषमा रावत, विधायक पौड़ी राजकुमार पौरी, ब्लाक प्रशासक पोखड़ा प्रीति देवी, ब्लाक प्रशासक एकेश्वर नीरज पांथरी, ब्लाक प्रशासक जयहरीखाल दीपक भंडारी, ब्लाक प्रशासक द्वारीखाल महेंद्र सिंह राणां, ब्लाक प्रशासक कल्जीखाल बीना राणां, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत सतपुली अंजना वर्मा, बद्री केदार मंदिर समिति के सदस्य पुष्कर जोशी, मंडल अध्यक्ष सतेंद्र सिंह बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश चंद्र गुणवंत, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, उपजिलाधिकारी सतपुली अनिल चन्याल, उपजिलाधिकारी लैंसडौन शालिनी मौर्या सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनमानस उपस्थित रहा।