सदस्यता अभियान ने लगाई धामी सरकार की सफलता पर मुहर: भट्ट

खबर शेयर करें -

सदस्यता अभियान ने लगाई धामी सरकार की सफलता पर मुहर: भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का किया आह्वान, बैठकें कर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हल्द्वानी एवं कालाढूंगी विधानसभा के हल्द्वानी बिठोरिया मंडल में सदस्यता अभियान की बैठकें आयोजित कीं।

राज्य की प्रत्येक विधानसभा में बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक संख्या में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता के लिए कार्यकर्ताओ में जोश भरने का काम कर रहे हैं।
भट्ट ने कहा कि भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जो अपने प्रत्येक संगठन के चुनाव से पूर्व आम जनता के बीच जाकर सदस्यता अभियान चलाकर अपनी पार्टी के प्रति निष्ठा अभिव्यक्त करने की आजादी प्रदान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 2 सितंबर को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर भाजपा सरकार के प्रति अपनी निष्ठा अभिव्यक्त की है। देश और प्रदेश में भाजपा सरकार के कुशल कार्यकाल का परिणाम विगत वर्षों की तुलना में इस बार का सदस्यता अभियान साबित करेगा।

गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट प्रदेशभर की सभी 70 विधानसभाओं में जाकर सदस्यता अभियान को गति देने का काम कर रहे हैं। शुक्रवार को ऊधमसिंहनगर में बैठकें आयोजित कर वह शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने हल्द्वानी विधानसभा एवं कालाढूंगी विधानसभा की बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं में आम जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की कार्यशैली के आधार पर आम जनता को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाने की वृहद योजना का गुरू मंत्र दिया।

श्री भट्ट ने बूथ स्तर से प्रदेश स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक आम जनता को पार्टी की सदस्यता दिलाने को कहा। वहीं कालाढूंगी विधानसभा की हरिपुर नायक स्थित निजी बैंक्वेट हॉल में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों को लेकर आम जनता के बीच जाकर उनको भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे अधिक सदस्यता वाली राजनीतिक पार्टी इस वर्ष अपना ही विगत वर्षों का रिकॉर्ड तोड कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनी पूरी ऊर्जा के साथ आने वाले दिनों में आम जनता के बीच जाकर सदस्यता अभियान को गति प्रदान करनी है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडल अध्यक्ष प्रताप रैकवाल, सुरेश गौड़, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, जिला सह प्रभारी विवेक सक्सेना, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत आदि मौजूद रहे।

Ad
Ad

दया जोशी (संपादक)

श्री केदार दर्शन

Related Articles