पिथौरागढ़: सूनी के पास जीप नदी में गिरी, आठ की मौत मृतकों में 2 सगी बहनें भी शामिल, हादसे में पांच गंभीर रूप से घायल

पिथौरागढ़: सूनी के पास जीप नदी में गिरी, आठ की मौत
मृतकों में 2 सगी बहनें भी शामिल, हादसे में पांच गंभीर रूप से घायल
थल(पिथौरागढ़)। थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग में मुवानी के पास सूनी पुल से एक मैक्स जीप 100 फीट नीचे नदी में जा गिरी, जिसमें सवार 3 स्कूली बच्चों सहित 8 लोगों की मौत हो गई तथा तीन घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार मुवानी कस्बे से बोकटा के लिए मंगलवार देर शाम 4 बजे लगभग मैक्स जीप मुवानी पिथौरागढ़ मोटर मार्ग में सूनी पुल के पास अचानक असंतुलित होकर सड़क से लगभग 100 फुट नीचे नदी में गिरी गई, जिसमें मैक्स जीप के परखच्चे उड़ गये।
हादसे में मरने वालों की जानकारी
जीप में सवार सिमरन पुत्री कुंदन सिंह उम्र 8 वर्ष, तनुजा पुत्री चंद्र सिंह उम्र 15 वर्ष, विनीत पुत्री चंद्र सिंह उम्र 14 और नरेंद्र सिंह पुत्र चंद्र सिंह उम्र 40 वर्ष, वाहन चालक और राजन सिंह पुत्र किशन सिंह उम्र 60 वर्ष, होशियार सिंह पुत्र भीम सिंह उम्र 65 वर्ष और शांति देवी पुत्री केशर राम उम्र 50 वर्ष, दिकभा पत्नी पंकज सिंह उम्र 28 वर्ष की मौके पर मौत हो गई। सभी मृतक बोकटा गांव निवासी है। मृतकों में तनुजा और विनीता आपस में सगी बहिनें हैं, जो जीआईसी मुवानी में कक्षा 9वीं की छात्राएं थीं।
हादसे में योगेश कुमार उम्र 21 वर्ष बोकटा, श्याम सिंह उम्र 50 वर्ष, कल्याण सिंह उम्र 55 वर्ष और सुमित सिंह उम्र 22 और पूजा उम्र घायल हो गए हैं।
घायलों को 108 के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बेरीनाग एसडीएम आशीष जोशी और तहसीलदार देवलथल और थानाध्यक्ष थल शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जीप दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने शोक जताते हुए कहा “जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं, सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

